लखीसराय। तेतरहाट थाना क्षेत्र के खैरी गांव के समीप मंगलवार को पति-पत्नी के बीच हुए विवाद ने सड़क पर हाई वोल्टेज ड्रामे का रूप ले लिया। दोनों पक्षों के बीच जमकर नोकझोंक और धक्का-मुक्की हुई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सड़क पर हंगामा होते देख बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जुट गई।

सूचना मिलने पर तेतरहाट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर थाना ले गई। जानकारी के अनुसार, सूर्यगढ़ा थाना क्षेत्र के पहाड़पुर गांव निवासी अभिरंजन कुमार की शादी वर्ष 2018 में डेहरी निवासी अनुप्रिया से हुई थी। दंपति के दो बच्चे भी हैं। बताया जाता है कि पति को पत्नी के किसी अन्य व्यक्ति के साथ संबंध होने का संदेह था, जिसके बाद दोनों के बीच विवाद शुरू हुआ और मामला कोर्ट तक पहुंच गया।


इस बीच अनुप्रिया को बीएमपी में नौकरी मिल गई और दोनों अलग-अलग रहने लगे। वर्तमान में अनुप्रिया जमुई जिले में पोस्टेड है। बताया गया कि मंगलवार को पति-पत्नी, उनके बच्चे और ससुराल पक्ष के लोग एक मामले की सुनवाई के लिए लखीसराय कोर्ट पहुंचे थे। कोर्ट से बाहर निकलने के बाद अभिरंजन अपने दोनों बच्चों को साथ लेकर जाने लगे। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया, जो देखते ही देखते सड़क पर हंगामे और मारपीट में बदल गया।

मौके पर मौजूद लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और दोनों पक्षों को थाना ले जाकर पूछताछ की। वहीं अनुप्रिया ने अपने पति पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। दूसरी ओर अभिरंजन का कहना है कि पत्नी का किसी अन्य व्यक्ति के साथ संबंध होने के कारण दोनों के बीच विवाद चल रहा है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।









