लखीसराय। जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डालसा), लखीसराय की ओर से विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर शुक्रवार को व्यवहार न्यायालय परिसर में वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व माननीय प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार, लखीसराय सैयद मोहम्मद शब्बीर आलम ने किया।

इस अवसर पर न्यायालय परिसर में पौधे लगाए गए तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक करने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में प्रधान न्यायाधीश, परिवार न्यायालय पवन कुमार झा, जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश द्वितीय सीमा भारतीय, जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश पंचम राजन कुमार, मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी आशीष कुमार अग्निहोत्री, अपर न्यायिक दंडाधिकारी सह सब जज प्रथम रंजीत कुमार सोनू, डालसा सचिव विधानन्द सागर सहित न्यायिक पदाधिकारी उपस्थित रहे।


कार्यक्रम में जिला विधिज्ञ संघ, लखीसराय के अध्यक्ष सुबोध कुमार एवं सचिव राजेश कुमार सहित अन्य अधिवक्ताओं ने भी भाग लिया। इस दौरान प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सैयद मोहम्मद शब्बीर आलम ने लोगों से अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने की अपील करते हुए कहा कि धरती को हरा-भरा बनाए रखना हम सभी की जिम्मेदारी है।

उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए वृक्षारोपण सबसे प्रभावी उपाय है और प्रत्येक व्यक्ति को इसमें अपनी भागीदारी सुनिश्चित करनी चाहिए। कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा हरित एवं स्वच्छ वातावरण के निर्माण के लिए समाज को प्रेरित करना था।









